हरियाणा कैबिनेट बैठक में 22 प्रस्तावों को मंजूरी, AI प्रोजेक्ट, गौशाला नीति, लोक कलाकार सम्मान योजना पर अहम फैसले
चंडीगढ़ में आयोजित हरियाणा कैबिनेट की बैठक में कुल 24 एंजेंडों में से 22 को स्वीकृति दी गई। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उनके साथ कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, श्रुति चौधरी और अरविंद शर्मा भी मौजूद रहे।
गौशाला भूमि पर स्टाम्प शुल्क से छूट
कैबिनेट ने निर्णय लिया कि अब पंजीकृत गौशालाओं की भूमि की खरीद-बिक्री के लिए डीड दस्तावेजों पर स्टाम्प शुल्क नहीं लगेगा। हालांकि, यह भूमि निजी या व्यावसायिक कार्यों के लिए उपयोग नहीं की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले गौ सेवा आयोग का बजट केवल 2 करोड़ था, जिसे अब बढ़ाकर 500 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
नगरपालिका लेखा प्रणाली में बदलाव
1930 से लागू सिंगल एंट्री अकाउंटिंग सिस्टम को समाप्त कर डबल एंट्री प्रणाली लागू की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरानी प्रणाली अंग्रेजी हुकूमत से चली आ रही थी और इसमें कई खामियां थीं।
शहीद नायक संदीप की पत्नी को प्लॉट
कैबिनेट ने पुलवामा में शहीद हुए नायक संदीप की पत्नी गीता को फरीदाबाद के अटाली गांव में 200 वर्ग गज का प्लॉट देने को मंजूरी दी।
भूमि दरों की नीति में संशोधन
अब सभी विभागों, निगमों, पंचायतों और निकायों के लिए भूमि की बाजार दर निर्धारित करने की नीति में संशोधन किया गया है। अब भूमि अधिग्रहण का भुगतान केंद्रीय अधिनियम के तहत निर्धारित राशि के बराबर होगा।
अग्निवीरों को 1 करोड़ की अनुग्रह राशि
अब युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की तरह अग्निवीरों को भी 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। 2022-25 के दौरान हरियाणा से कुल 7120 अग्निवीर भर्ती हुए हैं।
AI विकास परियोजना को मंजूरी
हरियाणा को AI हब बनाने के लिए 474.39 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति दी गई है। गुरुग्राम में ग्लोबल AI सेंटर और पंचकूला में एडवांस्ड कंप्यूटिंग फैसिलिटी बनाई जाएगी। इस परियोजना में विश्व बैंक की तकनीकी और वित्तीय सहायता ली जाएगी।
लोक कलाकारों को आर्थिक सहायता
"पंडित लख्मीचंद कलाकार सामाजिक सम्मान योजना" को मंजूरी मिली है। 60 वर्ष की आयु और 20 वर्ष का अनुभव रखने वाले कलाकारों को मासिक मानदेय मिलेगा।
- 1.80 लाख तक की आय वाले कलाकारों को ₹10,000/माह
- 1.80 से 3 लाख आय वाले कलाकारों को ₹7,000/माह
बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक को मंजूरी
यमुनानगर के गांव भगवानपुर में बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक के लिए भूमि हस्तांतरण को मंजूरी दी गई है। यह स्मारक पर्यटक आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
नई आबकारी नीति
नई नीति में कुल 2400 शराब की दुकानें आवंटित की जाएंगी। अब शराब की दुकानों को धार्मिक स्थल, बस स्टैंड, स्कूलों से कम से कम 150 मीटर की दूरी पर होना अनिवार्य किया गया है।
हाईवे से सीधे दिखने वाले ठेकों को विज्ञापन की अनुमति नहीं होगी। उल्लंघन पर 1 से 3 लाख रुपये तक जुर्माना और बार-बार उल्लंघन पर लाइसेंस रद्द किया जाएगा।
500 से कम आबादी वाले गांवों में अब कोई ठेका नहीं खुलेगा, जिससे 152 ठेके बंद होंगे।
अहाते के लिए एरिया की सीमा अब 1000 स्क्वेयर मीटर तय की गई है।
पंजाब विधानसभा के प्रस्ताव की निंदा
पंजाब विधानसभा द्वारा हरियाणा के पानी को रोकने संबंधी प्रस्ताव को असंवैधानिक करार देते हुए हरियाणा मंत्रिमंडल ने उसकी निंदा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भारत के संघीय ढांचे के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि बीबीएमबी मामला हाईकोर्ट में लंबित है और अदालत का जो भी निर्णय होगा, उसे हर हाल में लागू किया जाएगा।
रिपोर्ट: चंडीगढ़ संवाददाता